एनएफआर में आरपीएफ का बड़ा अभियान, गांजा-शराब जब्त : सात बच्चे भी किये गये रेस्क्यू

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अपराध और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है. इस अभियान के तहत मादक पदार्थ, अवैध शराब और चोरी के मोबाइल बरामद किए गए, साथ ही सात नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया.

किशनगंज : पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अपराध और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं. अभियान के दौरान मादक पदार्थ, अवैध शराब और चोरी के मोबाइल बरामद किए गए. साथ ही सात नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया.

15 किलोग्राम गांजा और 185 बोतल शराब बरामद

सात और आठ जुलाई को चलाए गए अभियान के दौरान आरपीएफ ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों से करीब 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 7.60 लाख रुपये आंकी गई है. इसके अलावा 185 बोतल अवैध शराब भी जब्त की गई. सभी मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित एजेंसियों के हवाले कर दिया गया.

मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह पर कार्रवाई

अभियान के दौरान यात्रियों के चोरी हुए करीब 1.04 लाख रुपये मूल्य के सात मोबाइल फोन बरामद किए गए. गिरफ्तार आरोपियों और बरामद मोबाइल को आगे की कार्रवाई के लिए सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया गया.

सात नाबालिग बच्चों को किया गया रेस्क्यू

आरपीएफ ने छह लड़कों और एक लड़की सहित कुल सात नाबालिग बच्चों को विभिन्न रेलवे स्टेशनों से सुरक्षित रेस्क्यू किया. बच्चों को बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्प डेस्क के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे उन्हें संभावित शोषण और अन्य खतरों से बचाया जा सका.

बीमार यात्री की बचाई जान

अभियान के दौरान एक रेलवे स्टेशन पर अचानक बीमार पड़े बुजुर्ग यात्री को आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया. बाद में रेलवे एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा गया और उनके परिजनों को भी सूचना दी गई.

यात्रियों से सहयोग की अपील

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों को अपराधमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने यात्रियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल आरपीएफ या रेलवे हेल्पलाइन पर देने की अपील की.

और पढ़ें : बिना सूचना रद्द हुईं दो डीएमयू ट्रेनें, ठाकुरगंज रेलखंड पर यात्री परेशान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: बच्छराज

Published by: Shruti Kumari

बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >