सामूहिक श्रमदान से आकार ले रहा राम मंदिर, ढलाई कार्य में उमड़ा ग्रामीणों का उत्साह

किशनगंज के सिरनिया गांव में ग्रामीणों के सामूहिक श्रमदान और सहयोग से राम मंदिर निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जानें पूरी खबर।

किशनगंज : टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र की डाकपोखर पंचायत के सिरनिया गांव में बुधवार को निर्माणाधीन राम मंदिर के ढलाई कार्य का आयोजन किया गया. मंदिर निर्माण को लेकर ग्रामीणों में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला. सामूहिक सहयोग और श्रमदान से मंदिर निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है.

युवा से बुजुर्ग तक ने किया श्रमदान

ढलाई कार्य में गांव के युवा, बुजुर्ग समेत विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. ग्रामीणों ने श्रमदान कर निर्माण कार्य में अपनी सहभागिता निभायी. ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर निर्माण केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा कार्य नहीं है, बल्कि यह गांव की एकजुटता और सामूहिक सहयोग का भी प्रतीक है.

भूमिदाता ने मंदिर के लिए उपलब्ध करायी जमीन

राम मंदिर निर्माण में भूमिदाता भूपेंद्र कुमार मंडल के योगदान को महत्वपूर्ण बताया गया. उनके द्वारा मंदिर निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करायी गयी है. वहीं, ग्रामीणों के सहयोग से निर्माण कार्य को लगातार गति दी जा रही है.

जल्द निर्माण पूरा करने का संकल्प

ढलाई कार्य के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह रहा. लोगों ने मंदिर निर्माण जल्द पूरा करने की इच्छा जतायी. इस अवसर पर बसंत कुमार सिन्हा, दीपक कुमार ठाकुर सहित क्षेत्र के बुद्धिजीवी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

उपस्थित लोगों ने निर्माण कार्य में सहयोग करने वाले ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया. ग्रामीणों ने कहा कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से मंदिर निर्माण को निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा. मंदिर बनने के बाद गांव में धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थल विकसित होने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कुमार

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >