बिहार सरकार के नशामुक्ति अभियान के तहत सोमवार को गलगलिया थाना क्षेत्र के चूरली उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में गलगलिया थाना अध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया.
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य भी प्रभावित करता है. उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की. उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं और उनकी जागरूकता से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है.
नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ
कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में आयोजित हुआ. उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का भी केंद्र है. ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होते हैं.
इस दौरान पुलिस टीम के जगदेव सहनी, अमरजीत सिंह, सुनील महतो, किशन महतो और मंजू पुर्वे ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी. कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली.
