Crime News: किशनगंज. ठाकुरगंज प्रखंड के पौआखाली नया गंज निवासी एक महिला ने नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया है. महिला ने आरोप लगाया है कि पंचायती कराने के बहाने उसे ले जाकर नशीला पदार्थ खिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया. साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
पंचायती के बहाने ले जाने का आरोप
पीड़िता के आवेदन के अनुसार 28 जुलाई की देर रात बेटी से जुड़े विवाद के समाधान के लिए पंचायती कराने का भरोसा देकर आरोपी ने अपनी गाड़ी से उसे, उसके पति और बेटी को मुरमेला ले जाने की बात कही. महिला का आरोप है कि रास्ते में उसके पति को गुटखे में कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गए.
होटल ले जाकर दुष्कर्म का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि तय स्थान पर ले जाने के बजाय उन्हें किशनगंज के एक होटल में ले जाया गया. आवेदन में कहा गया है कि होटल में उसकी बेटी को भी प्रलोभन देने की कोशिश की गई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गयी. महिला का आरोप है कि बेहोशी की अवस्था में उसके साथ लगभग दो घंटे तक दुष्कर्म किया गया. उसका कहना है कि जब उसकी बेटी जबरन कमरे में पहुंची, तब आरोपी वहां से हट गया.
परिवार की सुरक्षा को लेकर जतायी आशंका
आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है और उसके परिवार को जान-माल का खतरा है. उसने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लंबे समय से लोगों को डराकर अपना प्रभाव बनाए रखता है.
पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग
Crime News: पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल यह आरोप आवेदन में लगाए गए हैं और मामले की जांच के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.
