किशनगंज, पौआखाली. जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को पौआखाली नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी कमिटी के सौजन्य से जुलूस-ए-मोहम्मदी का आयोजन किया गया. मरकज अहले सुन्नत जामा मस्जिद से सुबह करीब 10 बजे निकले जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. पूर्व मंत्री नौशाद आलम समेत सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की मौजूदगी से आयोजन भव्य नजर आया.
जामा मस्जिद से शुरू हुआ जुलूस
जुलूस की अगुवाई एवं निगरानी में उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबुनसर आलम, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि असलम आजाद उर्फ बबलू, अबूजर गफ्फारी, नफीस आलम, कामरान खान, जदयू नगर अध्यक्ष हबेवुर रहमान, सामाजिक कार्यकर्ता नौशाद आलम, नायाब अनवर, राहिल अख्तर और सुधीर यादव समेत अन्य लोग सक्रिय रहे.
विभिन्न इलाकों से जुलूस में शामिल हुए लोग
जामा मस्जिद से निकला जुलूस नगर की मुख्य सड़क से गुजरते हुए एलआरपी चौक पहुंचा. इसके बाद भेलागुड़ी, सालगुड़ी, साबोडांगी, बिलायतीबाड़ी, डुमरिया, मालिनगांव सहित आसपास के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए. विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद जुलूस पुनः जामा मस्जिद पहुंचा, जहां शांतिपूर्ण माहौल में इसका समापन हुआ.
बच्चों से बुजुर्गों तक ने लिया हिस्सा
जुलूस के दौरान इस्लामिक धार्मिक नारों से नगर का वातावरण गुंजायमान रहा. नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक ने जुलूस में भाग लिया. जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही अलर्ट
आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी और जवान मुख्य सड़कों एवं चौक-चौराहों पर मुस्तैद रहे. पुलिसकर्मियों ने जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली.
जुलूस में शामिल लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था
जुलूस में शामिल लोगों के लिए अख्तर अशर्फी की ओर से शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई थी. इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों ने पानी पीकर अपनी प्यास बुझाई. शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में जुलूस संपन्न होने पर आयोजन समिति और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.
आयोजन समिति ने जताया आभार
आयोजन कमिटी के फिरोज आलम, मुजम्मिल हक, असलम आजाद, नफीस आलम, राजू आलम, चांद सिद्दीकी, अख्तर अशर्फी समेत अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए आमलोगों और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया.
