किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट.
Panchayat Vikas Diwas 2026: किशनगंज जिले की सभी 125 पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस का भव्य आयोजन किया गया. इस दौरान पंचायत भवनों में विकास योजनाओं की समीक्षा, जनसंवाद और महिला सशक्तिकरण पर विशेष चर्चा हुई. जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने दौला पंचायत के पंचायत सरकार भवन पहुंचकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
गांवों के विकास का बना बड़ा मंच
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से ग्रामीण विकास को गति देना है. उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश पंचायतों को और अधिक सशक्त, समावेशी और जवाबदेह बनाने की है.
Panchayat Vikas Diwas 2026: ‘महिला हितैषी पंचायत’ थी इस बार की थीम
इस वर्ष पंचायत विकास दिवस का थीम ‘महिला हितैषी पंचायत’ रखा गया था. कार्यक्रम में जीविका दीदियों और आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, स्वरोजगार और आजीविका संवर्द्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भी पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं में अपनी भागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया.
हर महीने के अंतिम रविवार को होगा आयोजन
दौला पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अखलाकुर रहमान ने बताया कि अब पंचायत विकास दिवस का आयोजन प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की सभी विकास योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी.
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सामूहिक रूप से सुना. इस अवसर पर मुखिया रफीना खातून, लोजपा जिलाध्यक्ष हबीबुर रहमान समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: PMCH मामले में नया मोड़, पूर्व प्रिंसिपल पर विभाग ने लगाए गंभीर आरोप, जांच के आदेश
