सांसद ने लोकसभा में उठाया सीमांचल में बढ़ते कैंसर का मुद्दा
सांसद ने लोकसभा में उठाया सीमांचल में बढ़ते कैंसर का मुद्दा
By AWADHESH KUMAR | Updated at :
किशनगंज में कैंसर केयर सेंटर स्थापित करने की केंद्र सरकार से की मांग
किशनगंज. सांसद डॉ मोहम्मद जावेद आजाद ने लोकसभा में नियम 377 के तहत किशनगंज व आसपास के जिलों में तेजी से बढ़ रहे कैंसर के मामलों का गंभीर मुद्दा उठाया है. उन्होंने सदन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि भारत में कैंसर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और सीमांचल क्षेत्र में यह समस्या विशेष रूप से चिंताजनक होती जा रही है. सांसद ने बताया कि किशनगंज व आसपास के क्षेत्रों में दूषित भूजल, विशेषकर आर्सेनिक व अन्य हानिकारक तत्वों की मौजूदगी इस क्षेत्र को संभावित कैंसर हॉटस्पॉट बना रही है. उन्होंने कहा कि इस कारण यहां कैंसर के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है. सांसद डॉ मोहम्मद जावेद आजाद ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि किशनगंज जिला अस्पताल में जल्द से जल्द एक समर्पित कैंसर केयर सेंटर की स्थापना की जाए. उन्होंने कहा कि यदि जिले में कैंसर के इलाज की समुचित व्यवस्था हो जाती है तो सीमांचल के मरीजों को समय पर और सुलभ उपचार मिल सकेगा. उन्हें दूर-दराज के बड़े शहरों में इलाज के लिए जाने की मजबूरी से भी राहत मिलेगी.