किशनगंज : जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में नगर परिषद किशनगंज के मुख्य पार्षद इन्द्रदेव पासवान ने सांसद डॉ. मो. जावेद आजाद को पत्र सौंपकर शहर की विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया. पत्र में सड़क चौड़ीकरण, नाला निर्माण, जलजमाव और शहरी क्षेत्र की जमीन की खरीद-बिक्री में सरकारी राजस्व को संभावित नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया.
मुख्य पार्षद ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में लाइन धोबीपट्टी और इमायता रेल ऊपरी पुल से जुड़ी सड़क, चुड़ीपट्टी पुल से कॉलेज रोड तथा बहादुरगंज जाने वाली सड़क आरसीडी के अधीन है. इन सड़कों के किनारे लगातार आबादी बढ़ रही है, लेकिन सड़क चौड़ीकरण नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बरसात में जलजमाव से बढ़ती है परेशानी
पत्र में पश्चिमपाली, चुड़ीपट्टी समेत कई इलाकों में बरसात के दौरान होने वाले जलजमाव का मुद्दा भी उठाया गया. मुख्य पार्षद ने कहा कि पश्चिमपाली से माटवाड़ी कॉलेज रोड और पश्चिमपाली से पुलिस लाइन की ओर पर्याप्त नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है.
नगर परिषद की ओर से पश्चिमपाली में पूर्व दिशा की तरफ नाला का निर्माण कराया गया है, लेकिन इसे पर्याप्त नहीं बताया गया है. मुख्य पार्षद ने संबंधित सड़कों के चौड़ीकरण के साथ आरसीडी के माध्यम से नाला निर्माण कराने की मांग की.
वार्ड-एक की जमीन खरीद-बिक्री पर भी उठे सवाल
मुख्य पार्षद ने पत्र में किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या एक में जमीन की खरीद-बिक्री का मामला भी उठाया. उन्होंने आशंका जताई कि कुछ जमीनों के दस्तावेजों में केवल खाता, खेसरा और मौजा का उल्लेख कर उन्हें ग्रामीण क्षेत्र की जमीन के रूप में दर्शाया जा रहा है, जबकि संबंधित जमीन शहरी क्षेत्र में स्थित है.
उन्होंने कहा कि यदि शहरी क्षेत्र की जमीन को ग्रामीण जमीन के रूप में दर्ज कर खरीद-बिक्री की जाती है तो इससे सरकारी राजस्व को नुकसान होने की संभावना है. मुख्य पार्षद ने सांसद से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया है.
