किशनगंज : शहर के खगड़ा स्थित सर्किट हाउस में मंगलवार को राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिले में चल रही विकास परियोजनाओं और लंबित भूमि अधिग्रहण मामलों की उच्चस्तरीय समीक्षा की. बैठक में डीएम नवीन कुमार, एडीएम पंकज कुमार, एसडीएम अनिकेत कुमार सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में खगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार, बहादुरगंज रोड पर फोरलेन के लिए पुल निर्माण, बस स्टैंड के विस्तार, सीआईएसएफ प्रशिक्षण केंद्र और खगड़ा मेला परिसर के विकास को लेकर चर्चा हुई.
एयरपोर्ट के लिए 27 एकड़ जमीन की जरूरत
मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने बताया कि खगड़ा एयरपोर्ट के पूर्ण विकास के लिए कुल 27 एकड़ जमीन की आवश्यकता है. इसमें 24 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है, जबकि शेष तीन एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है. पूरी जमीन उपलब्ध होने के बाद एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा. इससे भविष्य में बड़े विमानों के उतरने की सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है.
फोरलेन के लिए पुल निर्माण की तैयारी
बहादुरगंज रोड पर बन रहे फोरलेन सड़क के तहत प्रस्तावित नये पुल के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया. वहीं सीआईएसएफ के प्रस्तावित प्रशिक्षण केंद्र के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने को लेकर भी अधिकारियों को तेजी से काम करने को कहा गया.
बस स्टैंड का होगा विस्तार
शहर में बढ़ते यातायात और यात्रियों की संख्या को देखते हुए मौजूदा बस स्टैंड के विस्तार और सौंदर्यीकरण की योजना पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों को भूमि संबंधी प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया.
खगड़ा मेला परिसर में बनेगा सभागार
खगड़ा मेला परिसर के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. यहां कला एवं संस्कृति विभाग की योजना के तहत आधुनिक सभागार का निर्माण कराया जाएगा. इसके साथ ही मेला मैदान के चारों तरफ चारदीवारी बनाने का भी निर्णय लिया गया, ताकि परिसर को सुरक्षित और व्यवस्थित किया जा सके.
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करें, ताकि योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारा जा सके. खगड़ा मेला परिसर के निरीक्षण के दौरान विधायक कमरूल होदा सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
