Har Ghar Tiranga: किशनगंज. मोतिहारा तालुका पंचायत अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय पानीसाल में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया. विद्यालय प्रांगण से शुरू हुई पदयात्रा में छात्र-छात्राओं के साथ जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए. तिरंगा लेकर आगे बढ़ रहे विद्यार्थियों और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा.
तिरंगे के साथ निकले छात्र-छात्राएं
तिरंगा पदयात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही. छोटे-छोटे हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों से पानीसाल गांव का माहौल राष्ट्रप्रेम से भर गया. विद्यार्थियों ने अनुशासन के साथ यात्रा में हिस्सा लिया और पूरे रास्ते लोगों का ध्यान आकर्षित किया.
'हर घर तिरंगा' के लिए लोगों को किया जागरूक
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया. उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संदेश दिया. शिक्षकों ने भी बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी.
बीडीओ ने देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश
तिरंगा पदयात्रा को संबोधित करते हुए बीडीओ कर्मवीर कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. यह स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान की भी याद दिलाता है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होती है.
क्विज समेत कई कार्यक्रम हुए आयोजित
विद्यालय में मंगलवार से ही विद्यार्थियों के बीच क्विज सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही थीं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय प्रतीकों, संविधान और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं. विद्यालय की इस पहल से विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ा और स्थानीय स्तर पर राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचा.
ये लोग रहे मौजूद
Har Ghar Tiranga: कार्यक्रम में बीडीओ कर्मवीर कुमार, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि जुबेर आलम, मुखिया प्रतिनिधि दरीब आलम, सरपंच प्रतिनिधि मोहन सिंह, उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुब्रतो दास, मध्य विद्यालय पानीसाल के प्रधानाध्यापक दीपक कुमार झा समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे.
