अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर किशनगंज में जुटे सैकड़ों लोग, डीएम-एसपी ने किया योगाभ्यास

International Yoga Day Kishanganj: किशनगंज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योग शिविर में डीएम और एसपी ने योग को स्वस्थ, संतुलित और नशामुक्त जीवन का आधार बताया.

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट:

International Yoga Day Kishanganj: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के तत्वावधान में खगड़ा स्थित खेल भवन परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया. योग शिविर में 100 से अधिक लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ और संतुलित जीवन का संकल्प लिया.

योग जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली वैज्ञानिक पद्धति : डीएम

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली वैज्ञानिक पद्धति है.

उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति की चेतना को ऊर्ध्वगामी बनाकर आत्मविकास और लोकमंगल के मार्ग पर अग्रसर करता है. आज विश्व के अनेक देशों में योग को स्वास्थ्य, संतुलन और मानव कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाया जा रहा है. योग व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन शैली प्रदान करता है.

योग और स्वस्थ जीवनशैली से नशे से बचाव संभव : एसपी

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि योग मानव जीवन को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, संतुलित तथा ऊर्जावान बनाता है. नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करता है और आंतरिक शांति प्रदान करता है.

उन्होंने कहा कि योग शरीर को लचीला और मजबूत बनाता है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होता है. इसके अलावा रक्तचाप नियंत्रण, हृदय स्वास्थ्य और वजन संतुलित रखने में भी योग की महत्वपूर्ण भूमिका है.

नशा मुक्त भारत सप्ताह के संदर्भ में उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए दैनिक जीवन में योग को अपनाना आवश्यक है. योग और स्वस्थ जीवनशैली युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने युवाओं से नशामुक्त और स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.

विभिन्न योगासन और लाफ्टर थेरेपी का कराया गया अभ्यास

योगाचार्य रविराज के निर्देशन में प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, उत्कटासन, त्रिकोणासन, पद्मासन, सिद्धासन, वज्रासन, सुखासन, भ्रामरी, भुजंगासन, नौकासन, शवासन और सर्वांगासन सहित कई महत्वपूर्ण योगासन कराए गए.

इसके अलावा हास्य योग और लाफ्टर थेरेपी का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. योगाचार्य ने विभिन्न आसनों की विधि और उनसे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी.

रेड क्रॉस सोसाइटी की रही अहम भूमिका

योग शिविर के सफल आयोजन में रेड क्रॉस सोसाइटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही. कार्यक्रम में उप समाहर्ता श्रुति राय, शारीरिक शिक्षा पदाधिकारी आदित्य कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव मिक्की साहा सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

योगाभ्यास के दौरान पूरा वातावरण उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता से सराबोर रहा. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित करना था.

ALSO READ: पढ़ाई के प्रति जज्बा : गर्मी छुट्टी खत्म, किशनगंज में बारिश के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली पर स्कूल पहुंचे बच्चे

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >