भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा मजबूत करने पर एसएसबी और एपीएफ की संयुक्त बैठक, तस्करी व अपराध रोकने पर बनी रणनीति

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से किशनगंज में SSB और नेपाल के APF के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में तस्करी, आपराधिक गतिविधियों और घुसपैठ पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

किशनगंज. टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा तस्करी एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, किशनगंज और नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल एपीएफ के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई. सीमा चौकी पेकटोला में आयोजित बैठक में दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने सीमा पर बेहतर समन्वय और सूचना आदान-प्रदान को मजबूत करने पर जोर दिया.

द्वितीय कमांडेंट पवन कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक

बैठक की अध्यक्षता 12वीं वाहिनी एसएसबी के द्वितीय कमांडेंट पवन कुमार ने की. इस दौरान सीमा चौकी पेकटोला के प्रभारी उप निरीक्षक ललित यादव सहित एसएसबी के जवान मौजूद रहे.

नेपाल के एपीएफ की ओर से डीएसपी विकास भुजेल समेत तीन जवान बैठक में शामिल हुए. द्वितीय कमांडेंट पवन कुमार ने एपीएफ के अधिकारियों और जवानों का स्वागत करते हुए दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय पर प्रसन्नता व्यक्त की.

संयुक्त पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी

बैठक में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और एपीएफ द्वारा लगातार संयुक्त पेट्रोलिंग करने पर जोर दिया गया. सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अनावश्यक आवागमन पर प्रभावी नियंत्रण रखने को लेकर भी चर्चा की गई.

सीमा पार आने-जाने वाले लोगों के पहचान पत्रों की जांच में विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने पर जोर दिया गया.

तस्करी रोकने के लिए मजबूत होगा सूचना तंत्र

दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों ने तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बेहतर सूचना आदान-प्रदान और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की.

अधिकारियों ने कहा कि सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर दोनों सुरक्षा बल आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे.

साइबर अपराध और धोखाधड़ी पर भी हुई चर्चा

बैठक में साइबर अपराध और धोखाधड़ी जैसे उभरते अपराधों से निपटने के लिए भी संयुक्त रणनीति तैयार करने पर विचार किया गया. दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को महत्वपूर्ण बताया गया. अधिकारियों ने माना कि आधुनिक अपराधों से निपटने के लिए सीमा सुरक्षा के साथ-साथ तकनीकी और खुफिया सूचनाओं के स्तर पर भी समन्वय आवश्यक है.

घुसपैठ और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई का निर्णय

खुली भारत-नेपाल सीमा को देखते हुए घुसपैठ और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने का निर्णय लिया गया. बैठक के अंत में द्वितीय कमांडेंट पवन कुमार ने एपीएफ नेपाल के अधिकारियों और जवानों को धन्यवाद दिया. बैठक का समापन सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने तथा दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कुमार

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >