ठाकुरगंज में अवैध लॉटरी का धंधा चरम पर, कार्रवाई की मांग

ठाकुरगंज में अवैध लॉटरी का धंधा चरम पर, कार्रवाई की मांग

प्रखंड में खुलेआम बिक रहे प्रतिबंधित टिकट, ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

ठाकुरगंज. क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चल रहे लॉटरी के अवैध कारोबार के खिलाफ अब ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. लॉटरी टिकटों की खुलेआम बिक्री से नाराज ग्रामीणों ने ठाकुरगंज थानाध्यक्ष को एक आवेदन सौंपकर इस पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

अवैध धंधे से टूट रही गरीबों की कमर

मामले की गंभीरता को लेकर पटेसरी मुखिया प्रतिनिधि दिलशाद राही ने बताया कि प्रखंड के विभिन्न इलाकों में लॉटरी का धंधा धड़ल्ले से फल-फूल रहा है. बिहार सरकार द्वारा पूर्णतः प्रतिबंधित होने के बावजूद कई स्थानों पर निर्बाध रूप से टिकट बेचे जा रहे हैं. इसका सबसे बुरा असर समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, दिहाड़ी मजदूरों व युवाओं पर पड़ रहा है. लोग अपनी मेहनत की कमाई इस नशे में गंवा रहे हैं, जिससे परिवारों में आर्थिक तंगी और कलह की स्थिति पैदा हो रही है.

कानून की उड़ रही धज्जियां

सौंपे गये आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि बिहार लॉटरी निषेध अधिनियम, 1976 के तहत राज्य में लॉटरी का संचालन, प्रचार या बिक्री करना दंडनीय अपराध है. इसके बावजूद ठाकुरगंज में कानून को ताक पर रखकर यह अवैध कारोबार चलाया जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि इस लत के कारण क्षेत्र में अपराध की प्रवृत्तियों को भी बढ़ावा मिल रहा है.

पुलिस से तत्काल कार्रवाई की गुहार

थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपने के दौरान सेराफुल अंसारी, मो राजा, मो अजमल हुसैन सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे. इन लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सक्रिय लॉटरी माफियाओं के ठिकानों पर छापेमारी की जाए और इस अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त किया जाये. ताकि युवाओं के भविष्य व गरीबों के चूल्हे को सुरक्षित रखा जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >