किशनगंज : नगर पंचायत पौआखाली के वार्ड संख्या 7 स्थित अस्पताल चौक इन दिनों बरसाती जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है. सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी जमा रहने से स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यह चौक दुर्गा मंदिर टोला और हाईस्कूल नानकार टोला को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मध्य विद्यालय, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय और आसपास के टोलों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा आम लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं. जलजमाव के कारण गड्ढे की गहराई का पता नहीं चल पाता, जिससे दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है.
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन नगर पंचायत की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. उनका कहना है कि यदि स्थायी मरम्मत में समय लग रहा है तो फिलहाल मिट्टी या जीएसबी डालकर सड़क को समतल कराया जा सकता है, ताकि लोगों को राहत मिल सके.
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया कि अस्पताल चौक जैसे महत्वपूर्ण स्थान की यह स्थिति नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है. उनका कहना है कि यदि इस प्रमुख मार्ग की यह हालत है तो अन्य वार्डों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है.
नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि बरसात के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए तत्काल गड्ढों को भरकर सड़क को समतल कराया जाए तथा बाद में स्थायी मरम्मत कर समस्या का समाधान किया जाए.
यह भी पढ़ें : किशनगंज में अगले 24 घंटे बारिश का रेड अलर्ट, कई प्रखंडों में फ्लैश फ्लड का खतरा
