दिघलबैंक. ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को ग्राम फुलवारी में पशु चिकित्सा एवं उपचार सह दवा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम गुरुवार को ए कंपनी माफिटोला के पोषक क्षेत्र में आयोजित हुआ. कार्यक्रम का नेतृत्व माफिटोला के एसएसबी इंचार्ज निरीक्षक ठाकुर ओकरम ने किया. इस अवसर पर टेढ़ागाछ पशु चिकित्सा अस्पताल से पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ सुमन कुमार झा व डॉ सलदुर रहमान ने पशुओं की जांच, उपचार एवं आवश्यक दवाओं का वितरण किया. पशु चिकित्सा शिविर के दौरान कुल 225 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार किया गया. इसमें 150 गाय, 50 भैंस व 25 बछड़े शामिल थे. पशुओं को उनकी जरूरत के अनुसार कृमिनाशक, एंटीबायोटिक, विटामिन सहित अन्य जरूरी दवाएं निःशुल्क उपलब्ध करायी गयी. इसके साथ ही पशुपालकों को पशुओं के रख-रखाव, टीकाकरण एवं रोग से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गयी. निरीक्षक ठाकुर ओकरम ने कहा कि सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन किसानों की आजीविका का प्रमुख साधन है. ऐसे में पशुओं का स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है. एसएसबी द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा. कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस पहल के लिए एसएसबी एवं पशु चिकित्सा विभाग के प्रति आभार प्रकट किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसीएन राकेश सहित एसएसबी के जवानों का सराहनीय योगदान रहा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
