किशनगंज : गोसवारा समिति सह मनोरंजन क्लब दुर्गा पूजा समिति 2026 के तत्वावधान में आगामी दुर्गा पूजा की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ किया गया. समिति की ओर से दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण कार्य की शुरुआत विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ की गयी. पुरोहित भास्कर पंडित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना करायी और पंडाल निर्माण कार्य के सफलतापूर्वक पूर्ण होने की कामना की.
पूजा-अर्चना के दौरान समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और समाज के गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर मां दुर्गा की आराधना की. सभी सदस्यों ने एकजुट होकर दुर्गा पूजा की तैयारियों में सहभागिता निभाने का संकल्प लिया. पूजा के बाद विधिवत रूप से पंडाल निर्माण कार्य शुरू किया गया.
समिति के सचिव मिक्की साहा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दुर्गा पूजा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है. पूजा पंडाल को आकर्षक रूप देने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा. पूजा के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जाएंगी.
मौजूद सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पूजा धार्मिक आयोजन के साथ समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारा मजबूत करने का माध्यम भी है. समिति की कोशिश रहेगी कि पूजा आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न हो. पंडाल निर्माण शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह का माहौल बन गया है.
इस दौरान सुरेन साहा, पूजा समिति के अमिताभ कुमार, रूपेश मोदी, असीम कुमार साहा, मनीष चौधरी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.
