किशनगंज : जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में टीम ने किशनगंज शहर की नेपालगढ़ कॉलोनी में छापेमारी कर एक मकान से 101.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान मकान मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है.
गुप्त सूचना पर घर में पहुंची टीम
उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली थी कि नेपालगढ़ कॉलोनी स्थित सुब्रतो बसाक के मकान में अवैध शराब का भंडारण किया गया है. सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने अचानक मकान पर दबिश दी.
तलाशी के दौरान घर के अंदर से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने मकान मालिक सुब्रतो बसाक को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
स्वास्थ्य जांच के बाद भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने आरोपी का सदर अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली के साथ सहायक अवर निरीक्षक अमलेश तिवारी, सिपाही अविनाश कुमार, रंजन कुमार, कृष्णा और पिंकी कुमारी शामिल रहे.
शराब के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान
उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नेपालगढ़ कॉलोनी से 101.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें : SSB जवानों संग सड़कों पर उतरे बच्चे, कद्दूभिठा में साइकिल रैली से फिटनेस का दिया संदेश
