जर्जर भवन में चल रहा आंगनबाड़ी केंद्र, मासूमों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा : ग्रामीणों ने लगाई मरम्मत की गुहार

ठाकुरगंज के वार्ड-07 में आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर हालत में है। छत और दीवारों के गिरने का डर, प्रशासन से मरम्मत की गुहार लगा रहे स्थानीय लोग।

किशनगंज : ठाकुरगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या-07 स्थित बाघमारा का आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-136 इन दिनों बदहाल भवन में संचालित हो रहा है. जर्जर छत और दीवारों के बीच नौनिहालों की गतिविधियां संचालित होने से स्थानीय लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

जर्जर भवन में बच्चों का आना-जाना बना चिंता का कारण

स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन की स्थिति ऐसी है कि किसी भी समय अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. छोटे बच्चे भवन की जर्जर स्थिति और उससे जुड़े खतरे को समझने में सक्षम नहीं होते. ऐसे में केंद्र में आने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभाग को तत्काल ध्यान देने की जरूरत है.

आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाती हैं. ऐसे में केंद्र का भवन सुरक्षित नहीं होने से इन सुविधाओं का उद्देश्य भी प्रभावित हो सकता है.

हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन?

जर्जर भवन को लेकर अब स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि भवन की स्थिति पहले से खराब है. यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी और कोई हादसा हो गया तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी. ग्रामीणों ने प्रशासन से हादसे का इंतजार करने के बजाय तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.

मुख्य पार्षद को सौंपा आवेदन

मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत ठाकुरगंज के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल को आवेदन सौंपकर जर्जर भवन का स्थल निरीक्षण कराने की मांग की है. साथ ही भवन की स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार मरम्मत या जीर्णोद्धार कराने का आग्रह किया गया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों से जुड़ा मामला होने के कारण इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. यदि भवन की मरम्मत संभव है तो तत्काल काम कराया जाए. वहीं, यदि भवन पूरी तरह अनुपयोगी हो चुका है तो बच्चों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था की जाए.

अब स्थानीय लोगों की नजर नगर पंचायत प्रशासन की कार्रवाई पर है. बाघमारा के इस आंगनबाड़ी केंद्र की जर्जर स्थिति फिलहाल यही सवाल खड़ा कर रही है कि मासूमों की सुरक्षा के लिए प्रशासन हादसे का इंतजार करेगा या उससे पहले ही भवन को सुरक्षित कराया जाएगा.

आंगन बड़ी केंद्र का हाल | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बच्छराज

बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >