एनएच-327ई पर सफर बना जानलेवा, पुल पर गड्ढों में फंस रहे वाहन

ठाकुरगंज से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-327ई का एक हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है. पुल के ऊपर सड़क की डामर परत उखड़ चुकी है और गहरे गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं. बारिश ने स्थिति और भी खराब कर दी है.

ठाकुरगंज से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-327ई का एक हिस्सा इन दिनों गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है. पुल के ऊपर सड़क की डामर परत पूरी तरह उखड़ चुकी है और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों में अंतर करना मुश्किल हो गया है. ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक हर दिन जोखिम उठाकर सफर करने को मजबूर हैं.

सीमांचल को पूर्वोत्तर से जोड़ने वाला अहम मार्ग

एनएच-327ई सीमांचल को पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है. प्रतिदिन इस मार्ग से सैकड़ों मालवाहक ट्रक, बसें, एंबुलेंस, स्कूल वाहन समेत हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है.

बारिश ने बढ़ाई परेशानी

लगातार बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गई है. बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए सबसे अधिक खतरा पैदा हो गया है. पानी के नीचे गड्ढों का अनुमान नहीं लग पाने से वाहन असंतुलित हो जाते हैं और हादसे की आशंका बनी रहती है.

स्थायी मरम्मत की उठी मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है. समय-समय पर मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद सड़क फिर उखड़ जाती है. लोगों का आरोप है कि गुणवत्तापूर्ण और स्थायी मरम्मत नहीं होने के कारण हर मानसून में यही स्थिति बन जाती है.

जाम और हादसे का बढ़ रहा खतरा

व्यापारियों और वाहन चालकों का कहना है कि खराब सड़क के कारण यात्रा का समय बढ़ गया है. पुल पार करते समय भारी वाहनों को गति कम करनी पड़ती है, जिससे कई बार लंबा जाम लग जाता है. बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है.

स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल स्थायी मरम्मत, गड्ढों की भराई और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.

और पढ़ें :किशनगंज से आयी प्रेरणादायी तस्वीर : उफनती नदी, डगमगाते कदम... फिर भी बच्चों का भविष्य संवारने निकल पड़ीं शिक्षिकाएं


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: बच्छराज

Published by: Shruti Kumari

बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >