सड़क में गड्ढे या गड्ढों में सड़क? जर्जर मार्ग बना हादसों की वजह

मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बनी सड़क की हालत बेहद खराब है. बड़े गड्ढे और जलजमाव से राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग की है.

किशनगंज : मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत निर्मित ताराबाड़ी से मुखियाटोला चांदभिट्ठा होते हुए नजमुद्दीन टोला तक जाने वाली करीब 1.139 किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढों और जलजमाव के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों के बीच अब यह सवाल चर्चा का विषय बन गया है कि "सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क?"

बरसात में बढ़ा दुर्घटना का खतरा

लगातार बारिश के कारण सड़क के कई हिस्सों में पानी भर गया है. गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देने से बाइक, साइकिल, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, किसान, मरीज और आम लोग आवागमन करते हैं, लेकिन जर्जर सड़क के कारण सफर जोखिम भरा हो गया है.

ग्रामीणों ने पुनर्निर्माण की मांग उठाई

ग्रामीणों के अनुसार सड़क का निर्माण करीब पांच वर्ष पहले मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत हुआ था. निर्माण के बाद अनुरक्षण कार्य के तहत कुछ मरम्मत कराई गई, लेकिन अब सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. लोगों का कहना है कि बरसात में स्थिति और गंभीर हो जाती है. उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Shruti Kumari

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >