कोचाधामन : प्रखंड के अलता कमलपुर पंचायत अंतर्गत मंसूरा गांव में दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की झील में डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान मंसूरा गांव निवासी अब्दुस सलाम के 12 वर्षीय पुत्र अल्तमस के रूप में हुई है. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
खेलते-खेलते झील की ओर चला गया था मासूम
बताया जाता है कि अल्तमस खेलते-खेलते गांव के पास स्थित झील की ओर चला गया. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की.
स्थानीय लोगों की मदद से झील में तलाश की गयी, जिसके बाद बच्चे का शव बरामद हुआ. शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी.
परिवार में मचा कोहराम
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. बच्चे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. मां-बाप बेटे की मौत से सदमे में हैं. वहीं पूरे मंसूरा गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.
