किशनगंज : शहर से सटे भेड़ियाडांगी चौक से गाछपारा जाने वाली मुख्य सड़क की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों के लिए सड़क पर चलना और भी मुश्किल हो गया है.
यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ता है और रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, किसान, मजदूर और छोटे कारोबारी इसका इस्तेमाल करते हैं. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण खासकर बाइक और साइकिल सवारों को काफी परेशानी हो रही है. जलजमाव के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
ग्रामीणों के अनुसार कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फंसकर या फिसलकर गिर चुके हैं. वहीं मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी खराब सड़क परेशानी का कारण बन रही है. बरसात के मौसम में छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी इस रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया है.
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क का शीघ्र निरीक्षण कर स्थायी मरम्मत और गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि महज गड्ढे भरने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि पूरी सड़क का बेहतर तरीके से पुनर्निर्माण जरूरी है.
