होली 2026 को लेकर महानंदा सभागार में शांति समिति की बैठक
किशनगंज. होली पर्व 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में होली पर्व के दौरान जिले में शांति, सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. शांति समिति के सदस्यों ने साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण, अश्लील एवं आपत्तिजनक भोजपुरी गानों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध, डीजे बजाने पर रोक, नशे की हालत में हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बिक्री पर सख्ती, अग्निशमन गाड़ियों की पर्याप्त व्यवस्था तथा देवघाट खगड़ा के टर्निंग प्वाइंट सहित संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की मांग रखी.जिला पदाधिकारी ने कहा कि पूर्व में सरस्वती पूजा के दौरान डीजे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गयी थी. होली में भी डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने शांति समिति के वरीय सदस्यों एवं उनके सहयोगियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर प्रशासन का सहयोग करें. डीएम ने कहा कि किशनगंज जिला वर्षों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है और इस परंपरा को आगे भी बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. साफ-सफाई व्यवस्था के संबंध में उन्होंने बताया कि अधिकांश स्थानों पर पुराने डस्टबिन हटाकर नये डस्टबिन लगाए जा चुके हैं. जहां कहीं भी कचरा उठाव की समस्या हो, वहां का नाम अथवा फोटो प्रशासन को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शांति समिति द्वारा दिये गये जमीनी फीडबैक को गंभीरता से लिया गया है तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की जा चुकी है. प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी संवेदनशीलता के आधार पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति चार्ट में आवश्यक संशोधन किया गया है. उन्होंने होली के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक बताया. बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे.