Kaul Kankai River: बहादुरगंज (किशनगंज)बहादुरगंज प्रखंड के लौचा पंचायत स्थित कौल-कनकई नदी में रविवार सुबह एक 20 वर्षीय युवती के डूब जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. युवती कपड़ा धोने के लिए नदी किनारे गई थी, तभी वह गहरे पानी में चली गई और तेज बहाव में लापता हो गई. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ की दो टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया.
कपड़ा धोने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार लौचा पंचायत के वार्ड संख्या-4 निवासी महबूब आलम की 20 वर्षीय पुत्री गौसिया परवीन रविवार सुबह घर से कपड़ा धोने के लिए कौल-कनकई नदी गई थी. कपड़ा धोने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई. नदी की तेज धारा के कारण वह देखते ही देखते बहने लगी.
ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं मिली सफलता
नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों और बच्चों ने युवती को डूबते देख शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया. हालांकि तेज बहाव के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में नदी किनारे जुट गए.
एसडीआरएफ की दो टीमें चला रहीं खोज अभियान
जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम ने घटना की जानकारी जिला प्रशासन और एसडीआरएफ को दी. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की दो अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया. देर शाम तक युवती का कोई पता नहीं चल सका था और खोज अभियान जारी था.
शादी की खुशियां पलभर में बदलीं मातम में
Kaul Kankai River: ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को ही गौसिया परवीन की बड़ी बहन की शादी संपन्न हुई थी. शादी की खुशियों के बीच अगले ही दिन छोटी बेटी के नदी में डूब जाने की घटना से पूरा परिवार सदमे में है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे सतर्कता बरतने की अपील की है तथा बताया कि युवती की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
