ईद, चैती छठ व रामनवमी सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील

प्रशासन ने त्योहार के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखने की अपील की

पहाड़कट्टा पोठिया थाना परिसर में बुधवार को ईद, चैती छठ व रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ ने की. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना है. बैठक में उपस्थित स्थानीय लोगों से उनके अनुभवों के आधार पर कई सुझाव लिए गए, जिसपर गहन विचार-विमर्श किया गया, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें. शांति समिति की बैठक में थाना क्षेत्र के गण्यमान्य व्यक्ति, स्थानीय जनप्रतिनिधि व रामनवमी पूजा कमिटियों के अध्यक्ष उपस्थित रहे. प्रशासन ने त्योहार के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखने की अपील की. सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ ने लोगों से ईद और रामनवमी पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का आग्रह किया. साथ ही उन्होंने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, निर्धारित रूट से ही रामनवमी जुलूस निकालने, सोभायात्रा के दौरान डीजे का उपयोग नहीं करने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट नहीं डालने और अश्लील गीत नहीं बजाने की हिदायत दी. सर्किल इंस्पेक्टर ने कहा कि ईद पर्व 20 मार्च को होने की संभावना है. पर्व के दिन सभी ईदगाहों में दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल को तैनात किया जाएगा. संवेदनशील ईदगाहों पर विशेष नजर रखी जायेगी. उन्होंने कहा कि रामनवमी की शोभा यात्रा के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व में सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. थानाध्यक्ष अंजय अमन ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देता है, इसलिए सभी को मिल-जुलकर पर्व मनाना चाहिए और ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससें सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो. इस अवसर पर प्रखंड अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सह प्रभारी बीडीओ विजय कुमार, थानाध्यक्ष अंजय अमन, चिचुआबाड़ी ओपी प्रभारी मुणिलाल पासवान, बीसीओ वरुण कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष जलाल कादरी, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, बुधरा उपमुखिया प्रतिनिधि शिवनाथ पासवान, अबु सुफियान सहित अन्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >