किशनगंज : अलुआबाड़ी–सिलीगुड़ी रेलखंड पर गुरुवार को राधिकापुर–सिलीगुड़ी डीएमयू (ट्रेन संख्या 75707) की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई. हादसा बतासी और पानीटंकी रेलवे स्टेशनों के बीच हुआ. टक्कर इतनी तेज थी कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए. सूचना मिलने पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी.
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का है या व्यक्ति किसी अन्य परिस्थिति में ट्रेन की चपेट में आया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन गुजरने के बाद तेज आवाज सुनाई दी. मौके पर पहुंचने पर रेलवे ट्रैक पर व्यक्ति का शव पड़ा मिला, जिसके बाद इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी गई.
घटना के कारण कुछ समय तक रेलवे ट्रैक के किनारे लोगों की भीड़ लगी रही. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जीआरपी ने बताया कि मृतक की पहचान होने पर उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
