डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया महोत्सव का उद्घाटन
सुरजापुरी भाषा एवं विरासत को नई पहचान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल
किशनगंज. जिला पदाधिकारी विशाल राज व पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में प्रथम सुरजापुरी महोत्सव का उद्घाटन सम्राट अशोक भवन के बगल में स्थित मोटर जांच केंद्र परिसर में किया गया. उद्घाटन अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि इस वर्ष सुरजापुरी भाषा व संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन हेतु अलग से सुरजापुरी महोत्सव का आयोजन किया गया है. उन्होंने कहा कि सुरजापुरी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की समृद्ध सभ्यता व लोक संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती है, जो जाति, धर्म एवं उत्सवों से परे है.
डीएम ने कहा कि स्थानीय संस्कृति की इस समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नयी पीढ़ी, विशेषकर बच्चों पर है. इस महोत्सव के माध्यम से सुरजापुरी भाषा को न केवल किशनगंज बल्कि जिले के बाहर भी व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाना चाहिए. यह आयोजन एक प्रथम प्रयास है और प्राप्त सुझावों के आधार पर आगामी वर्षों में इसे और अधिक सुदृढ़ एवं व्यापक रूप दिया जाएगा.
विविधता में एकता का प्रतीक है महोत्सव : एसपी
पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में आयोजकों व प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि भारत विविध भाषाओं एवं संस्कृतियों का इन्द्रधनुषी स्वरूप है, जहाँ सभी समुदाय मिल-जुलकर रहते हैं. सुरजापुरी महोत्सव इस लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह शुरुआत आने वाले समय में पूरे बिहार एवं देश में सुरजापुरी संस्कृति को नई पहचान दिलाएगी.
एआइ व पारंपरिक खान-पान के स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र
उद्घाटन के उपरांत जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरजापुरी भाषा पर आधारित एआइ स्टॉल का निरीक्षण किया. साथ ही सुरजापुरी कल्चरल स्टॉल, पुस्तक स्टॉल व जीविका के माध्यम से लगाए गए पारंपरिक खान-पान के स्टॉल का भी भ्रमण किया गया. अधिकारियों ने सुरजापुरी पारंपरिक व्यंजन ”भक्के” आदि का स्वाद लिया व विवाह परंपरा से जुड़े डोल-नगाड़ा की प्रदर्शनी का अवलोकन किया. महोत्सव में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, साहित्यकार, कलाकार, छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.