– जताया केंद्रीय रेल मंत्री का आभार
ठाकुरगंज : बीमार पत्नी के साथ ट्रेन में सफर कर रहे प्रबुद्ध गौतम को उस वक्त काफी राहत मिली जब चलती ट्रेन में पत्नी की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर ट्वीट के जरिये रेल मंत्री से मदद की गुहार लगाने पर पूरा रेल महकमा उसकी पत्नी की सहायता के लिए स्टेशन पर पहुंच गया.
प्रबुद्ध गौतम अपनी पत्नी के साथ ट्रेन संख्या 22412 न्यू दिल्ली-एसी एक्सप्रेस में न्यू जलपाईगुड़ी के लिए चला. जब प्रबुद्ध अपनी पत्नी नीतू कुमारी के साथ दिल्ली में ट्रेन में सवार हुआ उस वक्त उसकी तबीयत हल्की खराब थी. परंतु रात दो बजे लखनऊ ट्रेन पहुंचने पर तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसने अंतिम उपाय के रूप में रेल मंत्रालय के ट्वीटर एकाउंट पर मदद मांगी.
ट्वीट होने के साथ रेल मंत्रालय हरकत में आया तथा प्रबुद्ध गौतम को वापस ट्वीट कर पूरी स्थिति का पता किया गया तथा बरौनी स्टेशन पर रेलवे के अधिकारी डॉक्टर के साथ मौजूद थे तथा ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही बॉगी संख्या ए4 सीट संख्या 49, 50 पर आकर प्रबुद्ध गौतम की पत्नी नीतू कुमारी का इलाज किया. इस दौरान ट्रेन में यात्रा कर रहे प्रबुद्ध ने दूरभाष पर बताया कि बरौनी में इलाज के बाद मेडिकल चार्ज के रूप में 157 रुपये लिये गये. इस पूरा घटनाक्रम पर संतुष्टि जाहिर करते हुए प्रबुद्ध गौतम ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु के प्रति आभार प्रकट किया.
