किशनगंज. टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित टेढ़ागाछ रेलवे हॉल्ट पर यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी सामने आई है. प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों के आवागमन के बावजूद यहां पेयजल, स्वच्छ शौचालय और साफ-सफाई जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं बदहाल स्थिति में हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों व यात्रियों के अनुसार, हॉल्ट परिसर में बने शौचालय की हालत अत्यंत दयनीय है. शौचालय में गंदगी का अंबार लगा है. वहां शराब की खाली बोतलें पड़ी रहती हैं, इससे वातावरण अस्वच्छ होने के साथ-साथ असुरक्षित भी बन गया है. विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को इस स्थिति से अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सबसे गंभीर समस्या पेयजल की है. हॉल्ट पर पीने के पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है. शौचालय में भी पानी का कनेक्शन नहीं होने के कारण उसकी उपयोगिता लगभग समाप्त हो चुकी है. हालांकि शौचालय के ऊपर पानी की टंकी स्थापित है, लेकिन टंकी का ढक्कन गायब है और उसमें जल आपूर्ति का कनेक्शन भी नहीं जोड़ा गया है. इसके अलावा, लगे हुए नल (टूटी) भी टूटे हुए हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि रखरखाव पूरी तरह उपेक्षित है. यात्रियों का कहना है कि यह स्थिति रेलवे विभाग की लापरवाही को दर्शाती है. कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे यात्रियों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. इस संबंध में हॉल्ट पर टिकट काट रहे अंजार आलम ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन कर यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई है. इससे यात्रियों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. यात्रियों ने कटिहार मंडल रेलवे (डीआरएम कटिहार) से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उन पर सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही, जल्द से जल्द पेयजल की व्यवस्था बहाल करने और शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो यह हॉल्ट यात्रियों के लिए और अधिक असुविधाजनक बन जाएगा. ऐसे में रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग को चाहिए कि वे इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक कदम उठाएं, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें.
टेढ़ागाछ रेलवे हॉल्ट पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव, यात्रियों में आक्रोश
टेढ़ागाछ रेलवे हॉल्ट पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव, यात्रियों में आक्रोश
