किशनगंज : इंटर मीडिएट परीक्षा 2016 को स्वस्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए स्थानीय टाउन हॉल में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. डीएम पंकज दीक्षित के हवालेसे अपर समाहर्ता रामजी साह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में जिले के लगभग 700 शिक्षकों ने भाग लिया.
इस अवसर पर अपर समाहर्ता रामजी साह ने कहा कि कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने को प्रशासन संकल्पित है. हमारा कर्त्तव्य है कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए सरकार के निर्देशों का शत प्रतिशत पालन करें.उन्होंने कहा कि जिला के सभी परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील एवं सामान्य के रूप में ग्रेडिंग किया जा चुका है.
उन्होंने कहा कि परीक्षा कंेद्रों पर भीड नियंत्रण के दृष्टिकोण से परीक्षा केंद्रों के मुख्य स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे साथ ही परीक्षा केंद्र के अंदर या बाहर की वीडियोग्राफी करायी जायेगीा. उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के अनुरूप परीक्षा केंद्रों पर वीक्षकों की सूची का प्रखंड वार रेंडमाइजेशन के आधार पर वीक्षकों का परीक्षा केंद्र निर्धारित किया जायेगा. उन्होंने वीक्षकों की कार्यशाला में नसीहत देते हुए कहा कि हर हाल में कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराना आपकी जिम्मेवारी है.
उन्होंने उपस्थित वीक्षकों को परीक्षा अधिनियम का अक्षरश: पालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि कदाचार की शिकायत पर वीक्षक, केंद्रधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के ईद गिर्द परीक्षा अवधि में धारा 144 लागू रहेगी. उन्होंने कहा कि शहर के अंतर्गत परीक्षा केंद्रों के अगल बगल एवं शहर के अन्य फोटो कॉपी की दुकानों पर भी विशेष निगरानी रखी जायेगी.
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मो ग्यासुद्दीन ने कहा कि सभी केंद्राधीक्षक यह ध्यान रखेंगे कि कर्तव्य पर प्रतिनियुक्त शिक्षक एवं कर्मचारी परीक्षा कार्य से संबंधित वैद्य कागजात के अलावे कोई अन्य कागजात परीक्षा केंद्र पर नहीं ले जायेंगे.
