चोरों के आतंक से शहर वासी परेशान
किशनगंज : शहर के व्यस्ततम इलाके में शुमार कैलटैक्स चौक व धर्मशाला रोड में शनिवार रात्रि अज्ञात चोरों ने दो प्रतिष्ठानों पर धावा बोल कर पुलिस को खुली चुनौती पेश कर दी है. पहली घटना में जहां चोरों ने कैलटैक्स चौक स्थित दशरथ प्रसाद साहा की शराब दुकान को अपना निशाना बनाया और छत में लगे एस्बेस्टस सीट को तोड़ कर दुकान में प्रवेश कर नगदी सहित कई शराब की बोतलों पर अपना हाथ साफ कर दिया.
जबकि दूसरी घटना में अज्ञात चोरों ने धर्मशाला रोड स्थित महेंद्र मार्बल नामक प्रतिष्ठान को अपना निशाना बनाया. चोर प्रतिष्ठान के दरवाजे पर लगे कुंडी को तोड़ कर दुकान में प्रवेश कर गये और सेफ का ताला तोड़ 17500 रुपये नकद चांदी के कई सिक्के सहित चांदी के बने लक्ष्मी गणेश की मूर्ति पर अपना हाथ साफ कर दिया. एक ही दिन में घटित दो चोरी की घटनाओं से जहां शहर वासी हतप्रभ हैं. शहरवासियों ने तत्काल चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
