दिघलबैंक (किशनगंज) : नेपाल से आने वाले जंगली जानवर से इन दिनों सीमावर्ती क्षेत्र के लोग खासे परेशान हैं. बीती रात नेपाल के जंगल से भटक कर भारतीय क्षेत्र में घुसे एक जंगली हाथी ने कोढ़ोबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पिल टोला, दुर्गापुर, सिंघिमारी, मंदिर टोला गांव के आस पड़ोस के इलाकों में जम कर उत्पात मचाया. हालांकि इससे कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ. लोगों द्वारा कोढ़ोबाड़ी थानाध्यक्ष सृजन कुमार को इसकी जानकारी दी.
थानाध्यक्ष श्री कुमार अपने दल बल के साथ उस हाथी को नेपाल के ओर भगाने में कामयाब रहे. स्थानीय लोगों की मदद से मशाल जला कर उसको भगाया गया. रात्रि 10 बजे सूचना पाकर बीडीओ नर्मदेश्वर झा भी गांव पहुंचे. अचानक जंगली हाथी के आ जाने से लोग खौफ में है. नेपाल के लोगों ने बताया कि बुधवार सुबह वह जंगल हाथी नेपाल के घेराबंदी जंगल की ओर भटक कर आ गया. उसके बाद वह हाथ नेपाल के राजगढ़, शरनामती, रूईमारी, फुलगाछी, रंगापानी, शिमलबाड़ी, शालमारा होते हुए भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया.
