समानता व बराबरी की मांग को लेकर महिलाओं ने निकाला प्रतिरोध मार्च

कार्यक्रम बिहार महिला समाज इकाई की सचिव माला देवी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया

खगड़िया. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के विरुद्ध बढ़ती हिंसा के खिलाफ तथा न्याय, समानता और बराबरी की मांग को लेकर प्रतिरोध मार्च व आम सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम बिहार महिला समाज इकाई की सचिव माला देवी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया. जबकि एआईएसफ की राज्य उपाध्यक्ष सह बिहार महिला समाज सह सचिव सबीना खातून के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया. यह जुलूस योगेंद्र भवन से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक पहुंचा. जहां डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. इसके बाद आम सभा आयोजित की गयी. जिसमें महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. सभा को संबोधित करते हुए सबीना खातून ने कहा कि आज के समय में देश और दुनिया में महिलाओं तथा बच्चियों के विरुद्ध यौन हिंसा और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि मासूम बच्चियों और महिलाओं के साथ हो रही दरिंदगी और दुष्कर्म की घटनाएं यह साबित करती हैं कि आज भी महिलाएं सुरक्षित नहीं है. उन्होंने सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. इस अवसर पर सीपीआई के पूर्व जिला मंत्री सह राज्य कार्यकारिणी सदस्य प्रभाकर प्रसाद सिंह, सीपीआई के राज्य परिषद सदस्य प्रभाशंकर सिंह तथा वर्तमान जिला मंत्री पुनीत मुखिया ने कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की सराहना की. मौके पर चंद्रिका कुमारी, गुड़िया खातून, अर्चना कुमारी, समता झूलन देवी सहित दर्जनों महिलाएं उपस्थित थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >