चौथम. जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत करुआ-बदला घाट पथ पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जवाहर नगर के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सवार ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार ठोकर मार दी. इस घटना में एक महिला की मौत हो गयी, जबकि दूसरी महिला घायल हो गयी. जानकारी के अनुसार, चौथम पंचायत के जवाहर नगर के पास बदला घाट की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे चल रही दो महिलाओं को ठोकर मार दी. हादसे के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे. और गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. वहीं दूसरी घायल महिला को चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया. घटना की सूचना मिलते ही चौथम थाना पुलिस मौके पर पहुंची. और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने बाइक समेत बाइक पर सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है. बताया जा रहा है कि मृतका सुनीता देवी, पिता बिनो ठाकुर की पुत्री थी. वह बीती रात ही अपने मायके आई थी. और करुआ मोड़ की ओर से आ रही थी, तभी यह हादसा हो गया. घटना की प्रत्यक्षदर्शी महिला लूखो देवी ने बताया कि बाइक सवार काफी तेज रफ्तार में बाइक को बाएं-दाएं करते हुए चला रहा था. इसी दौरान उसने दोनों महिलाओं को ठोकर मार दी. इस संबंध में चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने शुक्रवार की शाम करीब छह बजे बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से महिला की मौत, दूसरी घायल
जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत करुआ-बदला घाट पथ पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया.
