– पूर्णिया व समस्तीपुर के थे दोनों मृतक पसराहा. थाना क्षेत्र के एनएच 31 पर मंगलवार की देर रात ट्रक व पिकअप में सीधी टक्कर हो गयी. ट्रक व पिकअप की टक्कर में ट्रक के चालक व पिकअप के उपचालक की मौत हो गयी. ट्रक के उपचालक का इलाज जारी है. बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के देवठा गांव के समीप एनएच 31 पर रात दो बजे पिकअप व ट्रक में टक्कर हो गयी. टक्कर में पिकअप के उपचालक पूर्णिया जिले के डोभाय छोटा टोला निवासी सचिन कुमार की मौत हो गयी. ट्रक चालक समस्तीपुर जिले के चपड़ा दमड़ी निवासी अनिल कुमार राय की भी मौत हो गयी. मृतक पिकअप चालक के भाई बाबूलाल ने बताया कि वे लोग कंटेनर लेकर गुवाहाटी जा रहे थे, तभी पसराहा थाना क्षेत्र के पास यह दुर्घटना घटी. घटना की सूचना मिलते ही पसराहा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल के चिकित्सक ने जख्मी पिकअप के उपचालक सचिन को मृत घोषित कर दिया. वहीं ट्रक चालक अनिल कुमार राय को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, लेकिन इलाज के दौरान रास्ते में चालक की भी मौत हो गयी. वहीं पिकअप के जख्मी चालक की स्थिति नाजुक देखते हुए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया. बुधवार की सुबह परिजन अस्पताल पहुंचकर शव की पहचान की. पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजन को सौंप दिया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया.
ट्रक व पिकअप की टक्कर में दो की मौत, एक घायल
पूर्णिया व समस्तीपुर के थे दोनों मृतक
