नशे की लत से परेशान युवक का फूटा गुस्सा, प्रशासन को दी खुली चुनौती, गिरफ्तार
वीडियो जांच के बाद संबंधित थाना को सूचित किया गया. जिसके बाद बहादुरपुर थानाध्यक्ष द्वारा वायरल वीडियो में युवक का सत्यापन किया.
By RAJKISHORE SINGH | Updated at :
नशेड़ी ने कहा, दम है तो बंद करवा कर दिखाएं स्मैक का कारोबार, पुलिस भी वसूली कर छोड़ देती है.
————-
खगड़िया. नशे की लत से परेशान युवक ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व जिला प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए वीडियो वायरल कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नशेड़ी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. एसपी राकेश कुमार ने बताया कि बीते शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म के फेसबुक पर एक वीडियो वायरल हुआ. वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए सत्यापन व कार्रवाई के लिए साईबर पुलिस, सोशल मीडिया एवं आईटीसेल को जांच के लिए भेजा गया. वीडियो जांच के बाद संबंधित थाना को सूचित किया गया. जिसके बाद बहादुरपुर थानाध्यक्ष द्वारा वायरल वीडियो में युवक का सत्यापन किया. सत्यापन में अलौली प्रखंड के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के शुंभा गांव निवासी शशिभूषण जायसवाल के पुत्र अंकित कुमार उर्फ चितरंजन राज के रूप में पहचान किया गया. एसपी ने बताया कि युवक को छापेमारी कर उसके घर से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के दौरान युवक नशे के हालत में था. गिरफ्तार अंकित से वायरल वीड़ियो दिखाकर पुछताछ किया गया तो उसने अपना अपराध स्वीकार किया. नशेड़ी युवक ने कबुला कि नशे की हालत में गलत पोस्ट किया गया. एसपी ने बताया कि बिहार मद्यनिषेध उत्पाद अधिनियम के तहत थाना में सन्हा संख्या 488/26 दर्ज किया गया है. युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
मुझे भले ही गिरफ्तार करवा दे, लेकिन स्मैक का धंधा बंद नहीं करवा पाएंगे
जिले में नशे का कारोबार किस कदर हावी है, इसका अंदाजा वायरल वीडियो से लगाया जा सकता है. स्मैक की लत से परेशान युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से स्मैक के चूर्ण के साथ खुलेआम प्रशासन और गृह मंत्री को चुनौती दे डाली. वीडियो में युवक का कहना है कि इलाके में स्मैक का धंधा बेखौफ जारी है और इसे रोकने की ताकत किसी में नहीं है. युवक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करती है. पकड़ती है, पैसे लेती है और फिर छोड़ देती है. ऐसा आरोप लगाकर उसने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर दिया. नशेड़ी युवक का कहना है कि उपमुख्यमंत्री मुझे भले ही गिरफ्तार करवा दे, लेकिन स्मैक का धंधा बंद नहीं करवा पाएंगे. युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उपमुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो इलाके से स्मैक का कारोबार पूरी तरह बंद करवा कर दिखाएं. इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज हो गयी है. लोगों का कहना है कि नशे के बढ़ते प्रभाव से समाज पर बुरा असर पड़ रहा है. प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है.