– चौथम के सुखराज मध्य विद्यालय में स्काउट एंड गाइड दीक्षांत समारोह का हुआ आयोजन चौथम. प्रखंड क्षेत्र के सुखराज मध्य विद्यालय, चौथम में हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड के छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन मंगलवार को दीक्षांत समारोह के साथ किया गया. कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया. प्रशिक्षण शिविर के दौरान बच्चों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक कार्य की भावना विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया गया. शिविर में पीटी परेड, गीत-संगीत, प्राथमिक उपचार, आपदा के समय बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी सहित स्काउट एंड गाइड के सिद्धांतों से अवगत कराया गया. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इससे बच्चों में अनुशासन, सेवा भाव और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है. जिला डीओसी मो. इश्तियाक आलम ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट एंड गाइड बच्चों को आत्मनिर्भर बनने और कठिन परिस्थितियों में दूसरों की मदद करने की सीख देता है. ऐसे प्रशिक्षण से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं. कार्यक्रम में शिक्षक मुकेश कुमार, सच्चिदानंद दास, शिक्षिका नीतू कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित थे.
प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों को मिला प्रमाण पत्र
चौथम के सुखराज मध्य विद्यालय में स्काउट एंड गाइड दीक्षांत समारोह का हुआ आयोजन
