गैस की किल्लत महज अफवाह, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

गैस की किल्लत महज अफवाह, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर दर्ज होगी प्राथमिकी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने तेल कंपनियों के साथ की समीक्षा

खगड़िया. घरेलू एलपीजी का व्यावसायिक उपयोग या कालाबाजारी करने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जिला आपूर्ति पदाधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तेल कंपनियों के प्रबंधकों एवं एलपीजी गैस वितरकों के साथ समीक्षा बैठक की गयी. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उपस्थित भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम व इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं है.

भ्रामक सूचनाओं पर न दें ध्यान

बैठक के दौरान सभी गैस वितरकों ने भी तेल कंपनियों की बात का समर्थन किया. जिला आपूर्ति पदाधिकारी विजयंत ने कहा कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर सोशल मीडिया पर गैस की संभावित कमी संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं. इससे आम लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. उन्होंने अपील की कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है.

अफवाह फैलाने वालों पर होगी प्राथमिकी

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने, जमाखोरी करने या गैस की कालाबाजारी करने वाले लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जाएगी. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से अतिरिक्त गैस सिलेंडर की बुकिंग या घरों में भंडारण न करें, ताकि सभी को सुचारु रूप से गैस उपलब्ध हो सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग या अवैध वितरण सात ईसी एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी.

कंट्रोल रूम में प्राप्त हुईं 96 शिकायतें

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. अब तक कुल 96 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन्हें निराकरण के लिए संबंधित नोडल पदाधिकारियों को भेज दिया गया है. इनमें से 31 शिकायतों का निवारण कर दिया गया है. शेष का निपटारा अगले तीन से चार दिनों में कर दिया जायेगा. उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि आपदा नहीं है भारी, यदि पूरी है तैयारी, सजग रहे, सतर्क रहे. किसी भी सहायता या सूचना के लिए लोग जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06244-2222384 पर संपर्क कर सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >