गोगरी में फर्जी अंकपत्र के सहारे शिक्षक बनने का आरोप, निगरानी ब्यूरो ने दर्ज कराई प्राथमिकी

खगड़िया के गोगरी प्रखंड में एक शिक्षक प्रेमशंकर कुमार पर फर्जी अंकपत्र के सहारे नौकरी पाने का गंभीर आरोप लगा है. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली है, जिससे सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है.

Khagaria Fake Teacher Case: गोगरी (खगड़िया). राज्य में नियोजित शिक्षकों के शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की जांच के क्रम में खगड़िया के गोगरी प्रखंड में एक शिक्षक के खिलाफ जाली दस्तावेज के आधार पर नौकरी पाने का मामला सामने आया है. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, खगड़िया कैंप के पुलिस निरीक्षक सह जांचकर्ता मो. सलाहउद्दीन खान के आवेदन पर गोगरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को भी कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है.

मध्य विद्यालय कटघरा का है मामला

निगरानी जांच के अनुसार गोगरी प्रखंड के मध्य विद्यालय कटघरा में कार्यरत पंचायत शिक्षक प्रेमशंकर कुमार, पिता रामदेव पंडित, निवासी फुदकिचक, के शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की जांच के दौरान कथित अनियमितता सामने आई. इसके बाद मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की गयी.

अंकपत्र में छेड़छाड़ का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार शिक्षक ने वर्ष 2006 के पंचायत शिक्षक नियोजन के दौरान बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना की इंटर परीक्षा वर्ष 1994 में 595 अंक एवं 66 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होने का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किया था. लेकिन बोर्ड से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट में उसी रोल नंबर पर कुल 258 अंक एवं अनुत्तीर्ण दर्ज पाया गया. निगरानी ब्यूरो का आरोप है कि मूल अंकपत्र में 258 अंकों को बदलकर 595 अंक दर्शाए गए और उसी के आधार पर शिक्षक की नियुक्ति हुई.

धोखाधड़ी और सरकारी राशि लेने का आरोप

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि शिक्षक ने अज्ञात बिचौलियों एवं नियोजन इकाई के कुछ सदस्यों के साथ मिलकर कथित आपराधिक साजिश रची. जाली दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त कर वर्षों तक सरकारी वेतन का लाभ उठाया.

शिक्षा विभाग को भेजा गया पत्र

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जांचकर्ता मो. सलाहउद्दीन खान ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को पत्र भेजकर मामले की जानकारी दी. पत्र में आरोपी शिक्षक के विरुद्ध अविलंब विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है.

पटना हाईकोर्ट के निर्देश पर चल रही जांच

Khagaria Fake Teacher Case: निगरानी ब्यूरो ने बताया कि पटना उच्च न्यायालय के निर्देश पर राज्यभर में नियोजित शिक्षकों के शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया जा रहा है. इसी जांच के दौरान यह मामला सामने आया. फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी है.

Also Read : आज से काम पर लौटे EO, 31 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी

पटना एयरपोर्ट पर नया नियम लागू, निजी गाड़ियों को पिक एंड ड्रॉप के लिए मिलेंगे 9 मिनट, ज्यादा रुके तो कटेगा चालान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रणवीर कुमार

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >