सकरोहर हत्याकांड में पड़ोसी शिक्षक हिरासत में, फॉरेंसिक टीम ने जुटाये साक्ष्य, आठ घंटे में दो हत्याओं से पुलिस पर बढ़ा दबाव

सकरोहर गांव में 23 वर्षीय ज्योतिष की हत्या के मामले में पुलिस ने पड़ोसी शिक्षक सीताराम राम को हिरासत में लिया है. जमीन विवाद की आशंका के बीच, 8 घंटे के भीतर दो हत्याओं से पुलिस की चुनौती बढ़ गई है.

बेलदौर थाना क्षेत्र के सकरोहर गांव में 23 वर्षीय ज्योतिष कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. गुरुवार को पुलिस ने मृतक के पड़ोसी शिक्षक सीताराम राम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. हत्या की वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है.

डीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए गोगरी डीएसपी चंदन कुमार ठाकुर सकरोहर गांव पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, एसआई अभिषेक कुमार और एसआई विकास कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की.

फॉरेंसिक टीम ने खून समेत अन्य साक्ष्य जुटाये

पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया. टीम ने छत से खून के नमूने सहित अन्य संभावित साक्ष्य एकत्र किये. पुलिस अब इन वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर हत्या की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

जमीन विवाद के आरोप पर भी जांच

ज्योतिष के परिजनों ने पड़ोसी शिक्षक सीताराम राम के साथ जमीन को लेकर पहले से विवाद होने की बात कही है. परिजनों ने हत्या में शिक्षक समेत अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जतायी है. हालांकि पुलिस ने अभी किसी की भूमिका की पुष्टि नहीं की है. हिरासत में लिये गये शिक्षक से पूछताछ के बाद मामले में कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.

दोस्त सिंटू की भी तलाश कर रही पुलिस

मृतक की मां बुचिया देवी ने पुलिस को बताया है कि ज्योतिष घटना से पहले अपने दोस्त सिंटू के साथ था. परिजनों ने सिंटू पर भी संदेह जताया है और बताया कि घटना के बाद से वह फरार है. पुलिस अब सिंटू की तलाश भी कर रही है. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि हत्या से पहले ज्योतिष किन लोगों के संपर्क में था.

आठ घंटे के भीतर दूसरी गोली मारकर हत्या

ज्योतिष की हत्या से कुछ घंटे पहले पसराहा थाना क्षेत्र में भी 23 वर्षीय युवक प्रेम कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. बंदेहरा गांव निवासी प्रेम कुमार बुधवार शाम महद्दीपुर बाजार से घर लौट रहे थे. हरिवंश नारायण इंटर विद्यालय महद्दीपुर-बंदेहरा के पास अज्ञात बदमाशों ने पीछे से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी.

दूसरे हत्याकांड में अब तक आवेदन नहीं

प्रेम कुमार के शव का गुरुवार दोपहर अंतिम संस्कार कर दिया गया. बताया गया कि इस मामले में अब तक परिजनों की ओर से थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है. दोनों घटनाओं में समय का अंतर कम होने से पुलिस के सामने अपराधियों तक पहुंचने और घटनाओं के कारणों का पता लगाने की चुनौती बढ़ गयी है.

पुलिस बोली- हर पहलू से हो रही जांच

गोगरी डीएसपी चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि ज्योतिष हत्याकांड में हर पहलू से जांच की जा रही है. घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा. पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही मामले का उद्भेदन करने का प्रयास कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >