विद्यालयों में तय पाठ सूची से होगी पढ़ाई

विद्यालयों में तय पाठ सूची से होगी पढ़ाई

गोगरी. नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रारंभिक सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ाई की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. अब नि:शुल्क वितरित पाठ्यपुस्तकों की तय पाठ-सूची के अनुसार ही कक्षा में पठन-पाठन सुनिश्चित किया जाएगा. इसके लिए शिक्षा विभाग ने विस्तृत गाइडलाइन जारी कर दी है. निर्देश के अनुसार सभी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विभिन्न विषयों की पाठ-सूची को प्रिंट कर संबंधित कक्षाओं की दीवारों और स्कूल के नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से चिपकाया जाएगा. इससे न केवल शिक्षक और छात्र, बल्कि अभिभावक एवं शिक्षा पदाधिकारी भी आसानी से यह जान सकेंगे कि किस महीने में कौन-सा पाठ पढ़ाया जाना है. पढ़ाई को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों को पाठ-योजना तैयार कर उसी के अनुरूप कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया गया है. इसी पाठ-योजना के आधार पर विद्यालयों में मासिक, त्रैमासिक, अर्द्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षाएं आयोजित की जाएगी, जिससे छात्रों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन हो सके. अप्रैल को रिवीजन माह के रूप में मनाया जायेगा शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार अप्रैल 2026 को रिवीजन माह के रूप में मनाया जाएगा. इस दौरान कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को पिछली कक्षा के सिलेबस का दोहराया जाएगा, ताकि उनकी बुनियाद मजबूत हो सके. माह के अंत में रिवीजन से संबंधित परीक्षा ली जाएगी इसके प्रश्न पत्र ई शिक्षाकोष से सभी विद्यालयों को उपलब्ध कराए जाएंगे. रिवीजन के बाद अप्रैल से जून तक निर्धारित पाठ्यक्रम को प्रथम त्रैमासिक परीक्षा से पहले पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे सत्र के शुरुआती महीनों में ही पढ़ाई की गति तेज हो सके. कहते हैं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि पाठ-सूची को सार्वजनिक करने और पाठ-योजना के अनुसार पढ़ाई कराने से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी. इससे छात्रों की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित होगी और अभिभावकों को भी अपने बच्चों की पढ़ाई की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >