बंदियों के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए संगीत, खेलकूद, योग एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण जरूरी: डीएम

मंडल कारा परिसर में टीवी इंस्टॉलेशन की प्रगति की भी समीक्षा की गयी.

मंडल कारा प्रशासन बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास के उद्देश्य से करें कार्य खगड़िया. जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में मंडल कारा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा गुरुवार को की गयी. बैठक के दौरान मंडल कारा में निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गयी. इस दौरान योग्य वृद्ध, दिव्यांगजन एवं विधवा बंदियों को पेंशन योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा ई-श्रम कार्ड से आच्छादित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गये. साथ ही मंडल कारा परिसर में टीवी इंस्टॉलेशन की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी को मंडल कारा का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. ताकि व्यवस्थाओं की सतत निगरानी हो सके. इसके अतिरिक्त कारा परिसर में नियमित जांच शिविर आयोजित करने, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने, प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए संगीत, खेलकूद, योग एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों के संचालन का निर्देश दिया गया. जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी 7 दिनों के भीतर मंडल कारा परिसर में पुस्तकालय को पूर्ण रूप से क्रियाशील किया जाय. ताकि बंदियों को अध्ययन एवं आत्म विकास का अवसर उपलब्ध हो सकें. बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मंडल कारा प्रशासन बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास के उद्देश्य से कार्य करें. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंदियों के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाय. ताकि रिहाई के बाद वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जी सकें. उन्होंने मंडल कारा में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने, नियमित चिकित्सीय जांच सुनिश्चित करने तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने कहा कि बंदियों के मानवाधिकारों का पूर्ण सम्मान करते हुए उन्हें बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं मंडल कारा प्रशासन के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >