टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली मजबूती, गोगरी में 10 मरीजों को मिला पोषण किट, 7 अधिकारी बने निक्षय मित्र

TB Mukt Bharat : गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 10 टीबी मरीजों को पौष्टिक पोषाहार का वितरण किया गया. इस पहल में 7 अधिकारियों ने निक्षय मित्र बनकर महत्वपूर्ण सहयोग दिया है.

TB Mukt Bharat : खगड़िया जिले के गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत 10 टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक पोषाहार का वितरण किया गया. इस दौरान मरीजों को बीमारी से जल्द उबरने के लिए पौष्टिक आहार और नियमित उपचार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया.

10 टीबी मरीजों को वितरित किया गया पोषाहार

गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में प्रखंड क्षेत्र के चिन्हित 10 टीबी मरीजों को बुलाकर निक्षय पोषण योजना के तहत पोषण किट वितरित की गई. कार्यक्रम के दौरान मरीजों को टीबी से पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए नियमित दवा लेने और पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी गई.

सात अधिकारियों को बनाया गया निक्षय मित्र

टीबी मरीजों के सहयोग के लिए प्रखंड के विभिन्न विभागों के सात पदाधिकारियों को निक्षय मित्र बनाया गया. इन सभी अधिकारियों ने एक-एक हजार रुपये की सहयोग राशि देकर मरीजों के लिए आवश्यक पोषाहार उपलब्ध कराया.

इन अधिकारियों ने उठाई मरीजों की जिम्मेदारी

कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश, डीसीएलआर राजकुमार, बीडीओ रघुनन्दन आनंद, सीओ आमिर हुसैन, बीपीआरओ प्रमोद पासवान, सीडीपीओ तनूजा साह तथा हेल्थ मैनेजर पूजा कुमारी ने निक्षय मित्र के रूप में भाग लिया और टीबी मरीजों के पोषण की जिम्मेदारी संभाली.

टीबी मुक्त भारत का लिया संकल्प

सभी निक्षय मित्रों ने एक-एक टीबी मरीज को गोद लेकर उनके बेहतर पोषण और उपचार में सहयोग देने का संकल्प लिया. साथ ही टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को सफल बनाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने और मरीजों को हरसंभव सहयोग देने का संकल्प भी दोहराया.

पोषण किट में दी गई पौष्टिक खाद्य सामग्री

मरीजों को वितरित किए गए पोषण किट में चावल, आटा, दाल, सब्जी, खाद्य तेल और अंडा जैसी पौष्टिक सामग्रियां शामिल थीं. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि संतुलित आहार और नियमित दवा से टीबी मरीज तेजी से स्वस्थ हो सकते हैं और बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >