सुल्तानगंज फोरलेन के बेस कैंप में घुसे चोरों को रोकना पड़ा महंगा, सुरक्षाकर्मी को गोली मारकर फरार हुए अपराधी

Khagaria Crime News : सुल्तानगंज फोरलेन निर्माण स्थल पर देर रात चोरों ने सुरक्षाकर्मी पर जानलेवा हमला किया. चोरी रोकने पर सुरक्षाकर्मी को गोली मार दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

Khagaria Crime News : अगुवानी-सुल्तानगंज फोरलेन निर्माण कार्य की निगरानी में तैनात एक सुरक्षाकर्मी को देर रात अपराधियों ने गोली मार दी. गोली उसके पैर में लगी और आर-पार निकल गयी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद उसे तत्काल परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है.

चोरी की कोशिश रोकने पर चला दी गोली

घायल सुरक्षाकर्मी की पहचान पंजाब के तरनतारन निवासी करीब 56 वर्षीय मस्सा सिंह, पिता सोहन सिंह के रूप में हुई है. वह एसपी सिंगला निर्माण कंपनी के तहत काम कर रही जीवी कंस्ट्रक्शन एजेंसी के बेस कैंप की सुरक्षा में तैनात था.

मस्सा सिंह के अनुसार, देर रात करीब 1:30 बजे वह निर्माणाधीन टोल प्लाजा के समीप स्थित बेस कैंप की निगरानी कर रहा था. इसी दौरान दो संदिग्ध युवक चोरी की नीयत से कैंप में प्रवेश करते दिखाई दिए. उन्हें देखते ही उसने शोर मचाया.

बताया गया कि शोर सुनकर दोनों युवक भागने लगे. इसी दौरान एक युवक ने अचानक गोली चला दी. गोली मस्सा सिंह के पैर में लगी और आर-पार निकल गयी. फायरिंग के बाद दोनों संदिग्ध मौके से फरार हो गये.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

गोली चलने की सूचना मिलते ही परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घायल सुरक्षाकर्मी से घटना की जानकारी ली. साथ ही बेस कैंप में मौजूद अन्य लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की गयी.

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया है, ताकि वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाये जा सकें. मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है.

अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस

परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की विभिन्न बिंदुओं से जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के इलाके में भी छानबीन कर रही है और संदिग्ध युवकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक बेस कैंप में किस उद्देश्य से पहुंचे थे और उनके पास हथियार कहां से आया. फिलहाल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी और जांच जारी है.

निर्माणाधीन फोरलेन के बेस कैंप में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द उद्भेदन करने के लिए जांच तेज कर दी गयी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पलटू झा

पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >