कार्यपालक पदाधिकारी व स्वच्छता पदाधिकारी से वार्ता के बाद भी अड़े रहे सफाई कर्मी कहा मांग पूरी नहीं होने तक हड़ताल रहेगी जारी गोगरी. अपने पिछले तीन महीने के लंबित वेतन भुगतान सहित कई मांगों के समर्थन में नगर परिषद गोगरी जमालपुर के सफाई कर्मी बीते चार दिनों से हड़ताल पर हैं. हड़ताल पर जाने के कारण नगर परिषद क्षेत्र में सफाई का कार्य नहीं हो रहा है. जिसके कारण रविवार को भी जगह-जगह कूड़ा कचरा का अंबार लगा रहा. सफाई कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से नगर परिषद की सफाई व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गयी है. भयावह स्थिति को देखते हुए नगर परिषद की ओर से स्वच्छता पदाधिकारी सुमन कुमार मंडल व कार्यालय के नाजिर चंद्रशेखर उपाध्याय ने सफाई कर्मियों से काम पर लौट के लिए वार्ता की. रविवार को हुई लंबी वार्ता के बाद भी सफाई कर्मी अपनी मांगों पर अड़े रहे और मांग पूरी नहीं होने तक काम पर नहीं लौटने का फैसला लिया. हड़ताल पर रहने वाले सफाई कर्मियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए शनिवार को नगर परिषद कार्यालय में प्रदर्शन भी किया. कार्यपालक पदाधिकारी सोनी कुमारी ने भी सफाई कर्मियों को समझा कर हड़ताल पर लौटने का आग्रह किया लेकिन वे अभी भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. सफाई कर्मियों ने बताया कि दैनिक मजदूर सफाई कर्मी को अभी तक स्थायी नहीं किया गया है. सफाई कर्मियों की यह मांग थी कि बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का गठन किया जाए, एनजीओ को काम करने पर रोक लगाकर नगर पालिका सीधे सफाई कर्मी को नियुक्त करें, एक काम के लिए समान वेतन दिया जाए, भूमिहीन सफाई कर्मियों का वास आवास दिया जाए, सफाई कर्मियों का कार्य अवधि में दुर्घटना से मृत्यु होने पर 25 लाख का मुआवजा साथ ही आश्रितों को स्थायी नौकरी दिया जाए. सफाई कर्मियों के आर्थिक, शारीरिक, मानसिक, शोषण पर सामाजिक रोक लगाया जाए. अपने मांगों के समर्थन में सफाई कर्मियों ने कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है. हड़ताल में शामिल अर्जुन मलिक, रोशन मलिक, ज्ञानी मलिक, अरुण मलिक, राजा मलिक, विक्रम मलिक आदि ने बताया कि हम लोगों का पीएफ दैनिक मानदेय में से तो कट जाता है. लेकिन वह जमा हो रहा है या नहीं इस बारे में हम लोगों को कुछ जानकारी नहीं मिल पा रही है. पूछने पर अधिकारी टाल मटोल कर रहे हैं. इधर नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी सुमन कुमार मंडल ने बताया कि एनजीओ के द्वारा स्वच्छता का कार्य कराया जाता है. कार्य कर रहे सभी सफाई कर्मियों का पीएफ कट कर अलग अकाउंट में जमा हो रहा है. सफाई कर्मी भी ऑनलाइन इसकी जांच कर सकते हैं. कुछ कर्मियों का मोबाइल आधार से लिंक नहीं है. जिन्हें उनके पीएफ देखने में परेशानी हो रही है. उन्होंने जल्द से जल्द सफाई कर्मियों को काम पर वापस आने का अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि वार्ता लगातार जारी है. बहुत जल्द ही सफाई करनी काम पर वापस आ जाएंगे. वहीं नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी सोनी कुमारी ने बताया कि सफाई कर्मियों के नेताओं से बातचीत चल रही है. सफाई कर्मियों की ओर से सात सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से देने की मांग की जा रही है जो कि विभागीय गाइडलाइन के हिसाब से संभव नहीं है. एनजीओ को भी बुलाया गया है. उन्हें सफाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए कहा गया है. उन्होंने सफाई कर्मियों से अपील किया है कि जल्द से जल्द काम पर लौट जायें.
नगर परिषद के सफाई कर्मी का हड़ताल चौथे दिन भी जारी
सफाई कर्मियों की यह मांग थी कि बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का गठन किया जाए,
