सबलपुर की मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क जानलेवा, गड्ढों में जलजमाव से बढ़ी परेशानी

खगड़िया के सबलपुर में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क की हालत बेहद खराब है। बड़े गड्ढों और जलजमाव के कारण आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से ग्रामीण परेशान हैं।

खगड़िया: सदर प्रखंड की माड़र उत्तरी पंचायत स्थित सबलपुर गांव को सोनमनकी पथ से जोड़ने वाली मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क जगह-जगह टूटकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है. बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है. यह सड़क सबलपुर सहित आसपास के ग्रामीणों के लिए जिला मुख्यालय पहुंचने का प्रमुख मार्ग है, लेकिन जर्जर सड़क के कारण लोगों का सफर जोखिम भरा हो गया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी जमा रहने से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता. परिणामस्वरूप आए दिन बाइक, रिक्शा और ई-रिक्शा चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. कई बार रिक्शा पलट जाने से यात्रियों को चोटें भी आई हैं.

रात के समय होती है अधिक परेशानी

रात के समय और भी अधिक परेशानी होती है, क्योंकि जलजमाव के कारण सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती. ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों लोग जिला मुख्यालय, बाजार, अस्पताल और स्कूल-कॉलेज के लिए आवागमन करते हैं. सड़क की बदहाली के कारण मरीजों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन चालक इस मार्ग से गुजरने से बचने लगे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत की मांग कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. लगातार उपेक्षा के कारण सड़क की स्थिति और खराब होती जा रही है. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन करने को विवश होंगे. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और ग्रामीण कार्य विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और आए दिन हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >