ड्रेनेज व्यवस्था होगी बेहतर, 16.76 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार
बिहार विधानसभा की पर्यटन उद्योग समिति की बैठक में विधायक ने उठाया मुद्दा, त्वरित कार्रवाई का निर्देश
बरसात के मौसम में अस्पताल परिसर में जलजमाव से मरीजों, उनके परिजनों व स्वास्थ्य कर्मियों को करना पड़ता है भारी परेशानियों का सामना
खगड़िया. सदर अस्पताल परिसर में जल जमाव से मुक्ति दिलाने के लिए 16.76 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है. बिहार विधानसभा की पर्यटन उद्योग समिति की बैठक में सदर अस्पताल परिसर व पथ पर जल जमाव की समस्याओं को उठाया गया. बिहार विधानसभा में सोमवार को आयोजित पर्यटन उद्योग समिति की समीक्षा बैठक में जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदर विधायक ने विस्तार से चर्चा की. बैठक में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गयी. विधायक बबलू कुमार मंडल द्वारा पूर्व में दिये गये पत्र के आलोक में बीएमआइसीएल द्वारा सदर अस्पताल परिसर में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 16 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किये जाने की जानकारी दी गयी. बीएमआइसीएल के महाप्रबंधक विजय कुमार ने समिति को बताया कि डीपीआर तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया में है, स्वीकृति मिलते ही जल्द टेंडर कर निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा. बैठक में सभापति मनोरंजन सिंह, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल समेत कई जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी मौजूद थे.सदर अस्पताल में सर्जन चिकित्सक की नियुक्ति की रखी मांग
विधायक ने कहा कि सदर अस्पताल जिले का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. लेकिन, बारिश के समय अस्पताल परिसर में जलजमाव होने से मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्य कर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थान में बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है. इसके साथ ही विधायक ने सदर अस्पताल में एक अतिरिक्त सर्जन की नियुक्ति की मांग भी की. उन्होंने कहा कि खगड़िया घनी आबादी वाला जिला है. यहां गंभीर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. सर्जन की कमी के कारण कई मरीजों को बाहर रेफर करना पड़ता है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. समिति की बैठक में जिले से जुड़े विभिन्न विकास मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया गया और कई मामलों में अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये गये. विधायक ने कहा कि जिले के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं.मेडिकल कॉलेज परियोजना पर जल्द शुरू होगा कार्य
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर अधिकारियों ने जानकारी दी. बताया गया कि मेडिकल कॉलेज परियोजना पर जल्द कार्य शुरू किया जायेगा. विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा. विधायक ने स्वास्थ्य व्यवस्था के अलावे शिक्षा से जुड़े समस्याओं को प्रमुखता से रखा. बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करते हुए विधायक ने जिले के उत्क्रमित विद्यालयों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में अतिक्रमण किया गया है, वहां भवन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्रों और शिक्षकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कई विद्यालयों में कमरे की कमी के कारण पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है. विधायक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भवन निर्माण और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार अत्यंत जरूरी है. इस पर समिति के सभापति मनोरंजन सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे बिहार में ऐसे विद्यालयों को चिह्नित कर तत्काल भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करायी जायेगी.
