खगड़िया. भारत-अमेरिका व्यापार समझौता, प्रस्तावित बीज बिल 2025, बिजली संशोधन विधेयक तथा मनरेगा से संबंधित प्रावधानों के विरोध में बुधवार को एटक, खेत मजदूर यूनियन, किसान सभा एवं एफ-टू-न्यू के संयुक्त तत्वावधान में बापू नगर स्थित योगीन्द्र भवन से प्रतिरोध मार्च निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बलुआही एनएच-31 तक पहुंचा. प्रतिरोध मार्च का नेतृत्व बिहार राज्य खेत मजदूर यूनियन के उप महासचिव पुनीत मुखिया, बिहार राज्य किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष प्रभा शंकर सिंह, एटक के राज्य कार्यकारिणी सदस्य चंद्रजीत कुमार, जिला एटक की महासचिव निर्मला कुमारी, जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र चौधरी, वंदना कुमारी, पूजा कुमारी एवं एफ-टू-न्यू के सुनील कुमार ने भाग लिया. मार्च में आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन की सेविकाओं सहित विभिन्न संगठनों के किसान-मजदूरों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. बलुआही एनएच-31 पर प्रभाशंकर सिंह की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गयी. सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य खेत मजदूर यूनियन के उप महासचिव पुनीत मुखिया ने कहा कि मजदूरों ने लंबे संघर्ष के बाद जो अधिकार हासिल किए थे. उन्हें समाप्त कर मजदूर विरोधी चार श्रम संहिताएं लागू की जा रही है. जो पूंजीपतियों के पक्ष में है. उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को किसानों पर हमला बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की. उन्होंने कहा कि मनरेगा को कमजोर करने वाले प्रावधानों को रद्द किया जाय. प्रस्तावित बीज बिल और बिजली संशोधन अधिनियम को वापस लिया जाय. एटक की जिला महासचिव निर्मला कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया गया है. वे न्यूनतम मजदूरी से कम पर काम करने को मजबूर हैं. मौके पर रमेश चंद्र चौधरी, चंद्रजीत कुमार, सुनील कुमार, मीनाक्षी कुमारी, वंदना कुमारी, रीता कुमारी, विभाष चंद्र बोस, चंद्रकिशोर यादव आदि मौजूद थे.
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता के विरोध में शहर में निकाला गया प्रतिरोध मार्च
बलुआही एनएच-31 पर प्रभाशंकर सिंह की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गयी
