खगड़िया : नगर पंचायत बेलदौर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पीडब्ल्यूडी सड़क पर नाले का गंदा पानी बह रहा है. सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यपालक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण समस्या लंबे समय से बनी हुई है. वहीं, कुछ ग्रामीणों द्वारा भी नाले का पानी सीधे सड़क पर बहाये जाने से स्थिति और नारकीय हो गयी है.
15 अगस्त को प्रभात फेरी में बच्चों को होगी परेशानी
स्वतंत्रता दिवस नजदीक आने के साथ ही स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि 15 अगस्त को विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की ओर से प्रभात फेरी निकाली जानी है. ऐसे में यदि सड़क पर इसी तरह गंदा पानी बहता रहा तो बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा. गंदे पानी के बीच से होकर प्रभात फेरी निकालना मुश्किल होगा.
अधिकारियों के वाहन गुजरते हैं, फिर भी नहीं हुआ समाधान
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी सड़क से प्रतिदिन कई प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मियों के वाहन गुजरते हैं. इसके बावजूद सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यपालक पदाधिकारी से फोन पर शिकायत करने पर सफाई कराने का आश्वासन तो मिलता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी से भी लोगों में नाराजगी है.
स्वतंत्रता दिवस से पहले होगी सफाई
इस संबंध में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अमर प्रकाश ने बताया कि जल निकासी की पक्की व्यवस्था नहीं होने के कारण नाले का पानी सड़क पर आ रहा है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सड़क की पूरी तरह सफाई करा दी जाएगी.
