खगड़िया के चौथम प्रखंड में आंधी-तूफान के बाद 10 घंटे से बिजली गुल, गर्मी में लोग परेशान

Power Cut: खगड़िया के चौथम प्रखंड में तेज आंधी-तूफान के बाद पिछले 10 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है. भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है.

चौथम से धीरज सिंह बंटू की रिपोर्ट.

Power Cut: चौथम प्रखंड में मंगलवार रात आए तेज आंधी-तूफान के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. करीब 10 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बिजली नहीं रहने से घरों में अंधेरा पसरा हुआ है, वहीं पानी की समस्या भी गंभीर होती जा रही है.

आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त हुई बिजली लाइन

जानकारी के अनुसार खगड़िया से चौथम आने वाली 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन में कई जगह खराबी आ गई है. तेज आंधी के दौरान कई स्थानों पर पेड़ बिजली तारों पर गिर गए, जिससे पूरी लाइन प्रभावित हो गई. इसके अलावा कुछ जगहों पर इंसुलेटर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं.

गर्मी और उमस ने बढ़ाई परेशानी

भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है. लोग पूरी रात गर्मी में जागकर बिताने को मजबूर रहे.

पानी और इंटरनेट सेवा भी प्रभावित

बिजली कटौती का असर केवल घरों तक सीमित नहीं रहा. पानी की सप्लाई बाधित होने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मोबाइल चार्जिंग, इंटरनेट सेवा और एटीएम सेवा भी प्रभावित हो गई है. बिजली से चलने वाले छोटे-बड़े व्यवसायों पर भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है.

दुकानदारों में दिखी नाराजगी

स्थानीय दुकानदारों और उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से कारोबार प्रभावित हो रहा है. बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज भी बाधित हो गए हैं.

मरम्मत कार्य में जुटा विभाग

इस मामले में विद्युत विभाग के जेई अमित कुमार ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण कई जगहों पर 33 हजार केबल पर पेड़ गिर गए हैं और कुछ इंसुलेटर भी खराब हो गए हैं. विभागीय कर्मी लगातार मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं.

उन्होंने कहा कि खराबियों को जल्द दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है ताकि लोगों को राहत मिल सके.

बहाली का इंतजार कर रहे लोग

चौथम के लोग अब बिजली बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं. लगातार बढ़ती गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है.

Also Read: Gaya Ji News: इमामगंज में मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारी तेज, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >